हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। हरिद्वार स्टोन क्रेशर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज से मुलाकात की। स्टोन क्रेशर कारोबारियों ने खनन चुगान को खोले जाने की मांग की। अध्यक्ष निशांत भैरव ने कहा कि स्टोन क्रेशर मालिक खनन चुगान नीति बनाए जाने की मांग करते चले आ रहे हैं। बाहरी राज्यों से अवैध रूप से रेत, बजरी बेरोक टोक प्रदेश में आ रहा है। जिससे स्थानीय खनन कारोबारियों का कारोबार पूरी तरह से चौपट हो गया है। कई दिनों से क्रेशर मालिक ठोस खनन चुगान निति बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार कुछ सुनने को तैयार नहीं है। स्टोन क्रेशर मालिक अवैध रूप से संचालित क्रेशरों से भी मानसिक व आर्थिक परेशानी झेलते चले आ रहे हैं। सरकार को जल्द से जल्द खनन चुगान की नीति को ठोस तरीके से बनाना चाहिए। वही सन्नी कपूर व अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि खनन चुगान से हजारों लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है। पूर्ण रूप से खनन बंदी के कारण हजारों लोगों का रोजगार चौपट हो चुका है। ग्रामीण परेशान है। कई ग्रामीणों द्वारा बैंकों से कर्ज लेकर ट्रैक्टर ट्राली आदि वाहन खरीदे गए हैं। लेकिन खनन चुगान बंद होने के कारण हजारों लोग बेरोजगारी का संकट झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन प्रशासन को ठोस नीति बनाकर विज्ञानिक आधार पर खनन चुगान की अनुमति देनी चाहिए। बाहरी राज्यों से आ रही रेत, बजरी पर पूर्ण रूप से रोक लगानी चाहिए। राजकुमार खरड़ ने कहा कि रेत बजरी नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। कुंभ के विकास कार्यों में भी अड़चनें आ रही हैं। सरकार को जल्द से जल्द खनन चुगान खोलना चाहिए। शासन प्रशासन खनन चुगान की ठोस नीति बनाकर प्रभावी रूप से खनन चुगान को प्रदेश में लागू कराए। जितेंद्र चौधरी ने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार को अतिशीघ्र खनन खुलवाकर गरीब मजदूरों की रोजी-रोटी पर आया संकट दूर करना चाहिए। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी महाराज ने क्रेशर मालिकों को आश्वासन देते हुए कहा कि विज्ञानिक आधार पर ठोस खनन नीति बनाकर ही खनन चुगान की अनुमति सरकार द्वारा प्रदान की जानी चाहिए। रेत बजरी नहीं मिलने से कुंभ के विकास कार्यों में भी अवरोध पैदा हो रहा है। सरकार को खनन चुगान नीति को प्रभावी रूप से लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भेंटवार्ता कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस दौरान अतुल श्रीवास्तव, सन्नी कपूर, सौरभ गोयल, अक्षय कुमार, संजय धींगडा, विनय चौधरी, अंकुर जैन, पवन सरदार, सुरेश प्रधान आदि मौजूद रहे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours