हरिद्वार की गूंज (24*7)
(निशात कुरैशी) देवबंद। इस्लामी शिक्षा के केंद्र दारुल उलूम देवबंद के वरिष्ठ मुफ्ती महमूद हसन बुलंदशहरी ने वर्तमान हालात के मद्देनजर देश के मुसलमानों से आगामी २३ मई को देश हित में संसदीय चुनाव का फैसला आने के लिए सामूहिक दुआओं का आयोजन किये जाने की अपील की है। दारुल उलूम के वरिष्ठ मुफ्ती द्वारा जारी यह अपील सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। रविवार को मुफ्ती महमूद हसन बुलंदशहरी द्वारा लिखित रूप में जारी की गई अपील में कहा गया है कि रमजान का मुबारक महीना चल रहा है और हमारे सरों पर विभिन्न फितने और आजमाइशें मंडला रही हैं। लेकिन इसके बावजूद हम में से बहोत से लोग अब भी गफलत का शिकार हैं। जो निहायत अफसोसनाक बात है। उन्होंने रमजान के पाक महीने में अल्लाह की खूब इबादत कर अपने गुनाहों से तौबा की नसीहत करते हुए देश में अमनो अमान और इस्लाम व मुसलमानों की हिफाजत, मस्जिद व मदारिस की बका के लिए रो-रोकर दुआ करने की अपील की है। मुफ्ती महमूद ने देश के वर्तमान हालात के मद्देनजर आगामी २३ मई संसदीय चुनाव परिणाम आने तक समस्त मस्जिदों में तरावीह की नमाज के बाद आयाते करीमा पढऩे और देश हित में चुनाव परिणाम आने के लिए सामूहिक दुआ का आयोजन करने का आहवान किया है। और कहा है कि पता नहीं किस की दुआ अल्लाह की बारगाह में कबूल हो जाए देश के हित में बहतरी का फैसला बन जाए। मुफ्ती महमूद ने बाकायदा इस अपील को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की भी दरखास्त की है। अंतिम चरण के चुनाव सम्पन्न होने के साथ दारुल उलूम देवबंद के वरिष्ठ मुफ्ती द्वारा जारी की गई अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और विभिन्न समूहों में चर्चा का विषय बन गई है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours