हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अमित नेगी) श्रीनगर। एनआईटी श्रीनगर के अतिशीघ्र निर्माण को लेकर श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक व बद्री केदार मन्दिर समिति के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गोला पार्क में प्रदेश सरकार के खिलाफ सांकेतिक धरना व प्रदर्शन किया है। उन्होंने एनआईटी निर्माण अति शीघ्र न होने पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जनांदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। शनिवार को एनआईटी मुद्दे को लेकर गोला पार्क में पूर्व विधायक गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने धरना देते हुए भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आम जनमानस को आगे आने का आह्वान किया है। इस अवसर पर पूर्व विधायक गणेश गोदियाल ने एनआईटी के मुद्दे पर भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार को असफल बताते हुए कहा कि एनआईटी श्रीनगर सुमाड़ी में बनाने के लिए कोई भी कुर्बानी क्यों न देने पडे़, वे तैयार हैं। एनआईटी पर भाजपा को खदेड़ते गोदियाल ने कहा कि भाजपा के नेता जानबूझकर कर एनआईटी मुद्दे को उलझाने में लगे हैं। लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे को सड़कों से लेकर संसद तक उछालने में पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह पुण्डीर, पीसीसी सदस्य बीरेंद्र सिंह नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीना रावत, मीडिया प्रभारी लाल सिंह नेगी, परवेज अहमद, हीरा लाल जैन, उम्मेद सिंह मेहरा, भगत सिंह डागर सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे। संचालन पूर्व सभासद सुधांशु नौडियाल ने किया है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours