(रजत चौहान) हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी श्री विनीत तोमर ने विकास भवन रोशनाबाद में पंडित दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी श्रीमती सीमा नौटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण पर्यटन के विकास, पर्यटकों को आवास के साथ ही स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखण्ड सरकार द्वारा यह योजना शुरू की गयी है। इस योजना के अंतर्गत कोई भी भवन स्वामी जो अपने परिवार के साथ भौतिक रूप से रह रहा हो, अपने भवन का होम स्टे योजना के तहत पंजीकरण करा सकता है। यह योजना नगर निगम क्षेत्र को छोड़कर सम्पूर्ण प्रदेश में लागू है। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके, साथ ही पर्यटकों को ग्रामीण क्षेत्रों की ओर आकर्षित करने के साथ नये पर्यटन स्थल विकसित करना तथा स्थानीय रोजगार सृजन के माध्यम से पलायन को रोकना भी इसका उद्देश्य है। योजना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र को छोड़कर अन्य किसी भी क्षेत्र में होम स्टे स्थापित करने हेतु बैंक द्वारा निर्गत ऋण एवं मार्जिन धनराशि को मिलाकर कुल परियोजना लागत के सापेक्ष 25 प्रतिशत अथवा रूपये 7.50 लाख (इनमें से जो भी कम हो) राजसहायता दिये जाने का प्राविधान भी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र त्रिपाठी को निर्देश दिये कि जिला पर्यटन अधिकारी के साथ जनपद में होम स्टे योजना की संभावनाओं वाले पर्यटक स्थलों से जुडे़ क्षेत्रों विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर, स्थानीय निवासियों को प्रोत्साहित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में होम स्टे के पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक एवं चर्चा कर योजना की जानकारी विस्तार से प्रदान करें, जिससे ग्राम प्रधानों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार हेतु प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में इस योजना का अच्छा स्कोप हो सकता है। साथ ही इस बात का ख्याल भी रखा जाए कि योजना का दुरूपयोग न होने पाए। योजना के अंतर्गत ऋण चाहने वाले स्थानीय निवासियों को सम्बन्धित बैंक से ऋण प्रदान करने में प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में महाप्रबन्धक जिला उद्योग अंजनी रावत नेगी, डीडीएम नाबार्ड अमित भारद्वाज, एसडीओ फारेस्ट आर.सी. शर्मा आदि उपस्थित थे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours