हरिद्वार की गूंज (24*7)

(नीटू कुमार) हरिद्वार/ सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के 29वां स्थापना दिवस देश व प्रदेश में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार व अराजकता के खिलाफआक्रोश जताते हुए मनाया तथा आगामी विधानसभा में समाजवादी पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश की सत्ता में लाने का संकल्प लिया गया। अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित 29वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की गलत नीतियों के चलते लगातार बढ़ रही महंगाई का विरोध गैस सिलेंडर पर माला अर्पित कर जताया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी ने कहा कि सहारनपुर जनपद का समाजवादी विचारधारा से गहरा नाता रहा है। सहारनपुर जनपद के ही दिग्गज समाजवादी चिंतक चौ. रामशरण दास गुर्जर ने किसान नेता मुलायम सिंह यादव के साथ मिलकर 1992 में समाजवादी पार्टी की आज ही के दिन स्थापना की थी तथा अंतिम सांस तक सपा को मजबूत बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही देश के किसान मजदूर वर्ग की सच्ची हितैषी है जो उनका उत्थान करने में सक्षम है। वरिष्ठ नेता पुष्पेंद्र चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें किसान, मजदूर समेत सभी वर्गों का शोषण व उत्पीड़न करती रही हैं, उन्हें केवल पूंजीपतियों के हितों की चिंता रही है। आम जनता से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अर्जुन पंडित व जिला उपाध्यक्ष चौ. अब्दुल गफूर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को विजयी बनाना ही सपा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान आगामी विधानसभा चुनाव में लखीमपुरखीरी जैसे प्रकरणों का बदला भाजपा के खिलाफ अपने मत का प्रयोग करके लेने का काम करेगा। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी, शाहिद मंसूरी, अमनशर्मा, सचिन भारद्वाज, शाहनवाज, वेदपाल पटनी, मो. सुहेल, आकाश चौधरी आदि सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours