हरिद्वार की गूंज (24*7)
 |
|
(फिरोज अहमद) लक्सर। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के रानीमाजरा गांव में दो दिन पहले हुई एक व्यक्ति की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्या में शामिल मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। गौर तलब है कि दो दिन पूर्व पीपली गांव के जंगल से मृतक संजीव का जला हुआ शव बरामद हुआ था। संजीव रानी माजरा गांव का निवासी था। एक सप्ताह पूर्व संजीव रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया था जिसके बाद संजीव की पत्नी अंजना ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पथरी थाने में दर्ज कराई थी। संजीव का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू की तो उसकी पत्नी ने बताया कि संजीव ने ग्राम प्रधान के खिलाफ सूचना के अधिकार में कई सूचनाएं मांगी हुई है और उसे शक है कि उसकी हत्या में ग्राम प्रधान का ही हाथ है। पुलिस ने सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करते हुए मृतक की पत्नी अंजना की कॉल डिटेल को खंगालते हुए जब अंजना से सख्ती से पूछताछ की तो उसने संजीव की हत्या की बात स्वीकार कर ली और पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे भी पुलिस के सामने किए। अंजना ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उनके घर शिवकुमार दूध देने का काम पिछले कई सालों से करता था और इसी बीच उसके शिवकुमार से प्रेम संबंध हो गए। पूछताछ में अंजना ने पुलिस को बताया कि दूध वाले शिवकुमार से अंजना की जान पहचान उसके पति ने करवाई थी। इतना ही नहीं अंजना ने बताया कि प्रेम संबंध में बाधा बने अंजना और उसके प्रेमी शिवकुमार ने उसकी हत्या की योजना बनाई और उसे एक सुनसान जगह पर ले जाकर रस्सी से उसका गला घोट दिया। संजीव की मौत के बाद उन्होंने उसके शव को पीपली के जंगल में फेंक दिया। इतना ही नहीं जंगल में फेंकने के दो दिन बाद उसकी पत्नी ने शिव कुमार से कहा कि संजीव के शव को पेट्रोल डालकर आग लगा दी जाए। जिससे उसकी हत्या का खुलासा नहीं हो पाएगा। 14 अप्रैल को ईद वाले दिन अंजना और शिवकुमार फिर से जंगल में गए और मृतक संजीव के शव को पेट्रोल डालकर जला डाला। पुलिस ने मृतक संजीव की हत्या में शामिल उसकी पत्नी अंजना और उसके प्रेमी शिव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं हत्या में प्रयुक्त की गई रस्सी भी बरामद कर ली है। पुलिस टीम मे थानाध्यक्ष पथरी अमरचन्द शर्मा, उपनिरिक्षक प्रमोद कुमार, उमेश कुमार, कांस्टेबल मदनपाल, सुबोध,बिशन, सुरेश, प्रदीप यादव महिला बबीता नेहा आदि का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा।
Post A Comment:
0 comments so far,add yours