हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। भारतीय मजदूर संघ हरिद्वार के पदाधिकारीयो की बैठक सेक्टर वन स्थित कार्यालय में हुई। जिसका संचालन जिला महामंत्री सुमित सिंघल ने किया और अध्यक्षता डीसी नौटियाल ने की। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनिल राठी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा श्रम कानूनों में भारी बदलाव कर देना जिनमें 1000 दिन के लिए श्रम कानूनों को खत्म कर दिया गया है, जिनकी वजह से कामगारों को संरक्षण मिलता था यह अमानवीय है। प्रदेश में वैसे ही श्रम कानूनों का पालन कड़ाई से नहीं होता है और जो है उन्हें भी निलंबित या खत्म किया जा रहा है, जिसे राज्य की जनता स्वीकार नहीं करेंगी।
जिला महामंत्री सुमित सिंघल ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के चलते एक तरफ जहां बहुत बड़ी संख्या में प्रदेश के मजदूरों को बेरोजगार होना पड़ा है, और वह दो वक्त के राशन के लिए संघर्ष कर रहे हैं वही दूसरी तरफ प्रदेश सरकार गोपनीय तरीके से श्रम कानूनों में परिवर्तन कर सिर्फ उद्योगों को फायदा पहुंचाना चाह रही है। श्रमिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण इन कानूनों को हल्का करने या कुछ वर्षों के लिए इन पर रोक लगाने की वजह से ना सिर्फ मजदूरों को अपनी बात रखने की इजाजत नहीं मिलेगी काम के घंटे बढ़ा दिए जाएंगे, नौकरी से निकालना आसान हो जाएगा। बल्कि उन्हें आधारभूत सुविधाएं जैसे की साफ-सफाई, वेंटिलेशन, पानी की व्यवस्था, कैंटीन और आराम कक्ष जैसी चीजों से भी वंचित रहना पड़ सकता है। इस कानून से बंधुआ मजदूरी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इस श्रमिक विरोधी कानून को वापस नहीं लिया तो संगठन सरकार की इस श्रमिक विरोधी नीति के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेगा, धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।
जिला अध्यक्ष डीसी नौटियाल ने कहा की देश को श्रम कानूनों में परिवर्तन की जरूरत तो है लेकिन कोई यह नहीं चाहता कि ऐसी स्थिति पैदा की जाए जहां मजदूरों को कंपनी मालिकों के रहमों करम पर जीना पड़े ऐसा मनमाना कानून नहीं होना चाहिए जहां नियोक्ता सर्वे सर्वा हो और वो जो चाहे करें। इसे रिफॉर्म नहीं कहा जाता है। उन्होंने कहा कि इस श्रमिक विरोधी कानून के चलते जगह-जगह मजदूर आंदोलन खड़े हो जाएंगे और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। बैठक में उपस्थित जिला उपाध्यक्ष हरीश तिवारी, जिला सह मंत्री ललित पुरोहित, जिला सह मंत्री चंद्रशेखर चौहान, दीपक सैनी, जिला उपाध्यक्ष सुनीता तिवारी, जिला कोषाध्यक्ष हरीश शर्मा उपस्थित रहे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours