हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायक, दिनेश मोहनिया तथा उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एस.एस.कलेर  ने प्रदेश में संगठन विस्तार को हरी झंडी दिखाते हुए प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं हेतु विधानसभा प्रभारियों की घोषणा कर दी है, हरिद्वार में प्रेस वार्ता के दौरान जिला संयोजक हेमा भंडारी ने बताया की प्रदेश अध्यक्ष एस.एस.कलेर के आदेशानुसार कुछ समय पूर्व उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी का संगठन भंग कर दिया गया था। अब पुनः संगठन के विस्तार को गति देते हुए प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा के लिए दो-दो प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से बड़ी विधानसभाओं में दो से अधिक प्रभारियों की भी नियुक्ति की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा प्रभारियों पर पूरी विधानसभा में बूथ स्तर तक संगठन विस्तार करने का दायित्व होगा। प्रेस वार्ता में उपस्थित आम आदमी पार्टी के  पूर्व जिला संयोजक  एवम वर्तमान जिला प्रवक्ता मनोज द्विवेदी ने प्रदेश में विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड में आज विपक्ष की भूमिका शून्य हो चुकी है। जनता द्वारा कांग्रेस को विपक्ष की भूमिका निभाने का जनादेश दिया गया था जिसकी सरासर अवहेलना करते हुए कांग्रेस पार्टी आज प्रदेश में "मित्र विपक्ष" की भूमिका निभा रही है। यह लोकतंत्र के लिए एक अनिष्टकारी संकेत है। ऐसे में जनता के पास एक ही विकल्प बचता है कि वह स्वयं आगे आकर विकल्प बने, उत्तराखंड राजनैतिक व प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और लूटपाट का अड्डा बनता जा रहा है। एक ओर प्रदेश सरकार कोरोना वायरस के संकट से निबटने में पूर्णतः विफल हो रही है, तथा बाहर से लाए जा रहे प्रवासियों को सरकार की अदूरदर्शिता, अपरिपक्वता, निश्चयहीनता, अनुभवहीनता का शिकार होना पड़ रहा है। जिला सचिव अनिल सती ने नव नियुक्त विधान सभा प्रभारियों को  बधाई देते हुए 2022 के लिए कमर कस कर जुट जाने का आव्हान किया।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours