हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। देव संस्कृति विश्वविद्यालय में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के द्वारा प्रस्तावित स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा किया जा रहा है। 15 अगस्त तक चलने वाले इस स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सेमीनार, श्रमदान, पौधारोपण, जन जागरूकता रैली, विश्वविद्यालय एवं उसके आस-पास गांवों में स्वच्छता कार्यक्रम, निकटवर्ती पर्यटन स्थलों में स्वच्छता आदि विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। अपने संदेश में कुलपति श्री शरद पारधी ने कहा कि विवि अपने विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पित है, इसके अंतर्गत ही विवि में विविध कार्यक्रमों का संचालन किया जाता है। इनमें भागीदारी के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाता है। विद्यार्थियों के विकास कार्यक्रम के अंतर्गत इन योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान आयोजित सेमीनार को संबोधित करते हुए संकायाध्यक्ष प्रो अभय सक्सेना ने कहा कि स्वच्छता को जीवन में उतारने से पहले अपने मन में उतारना चाहिए, उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक को परिभाषित करते हुए कहा कि स्वयं सेवक वह होता है, जिसमें स्व-अनुशासन हो, वह ऐसा करे, जिससे उसकी छवि सम्पूर्ण समाज में पहुँचे। साथ ही वे स्वच्छता अभियान को अपने निकटवर्ती क्षेत्रों में भी फैलाने की अपील की, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ उमाकांत इंदौलिया ने विवि के कुलपिता पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा जी की स्वच्छता से संबंधित कार्य योजना व विचारों तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम व गतिविधियों को उपस्थित छात्र-छात्राओं के साथ समक्ष साझा किया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सेमीनार, श्रमदान, पौधारोपण, जन जागरूकता रैली, विश्वविद्यालय एवं उसके आस-पास गांवों में स्वच्छता कार्यक्रम, निकटवर्ती पर्यटन स्थलों में स्वच्छता, जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं आदि कार्यक्रम में आयोजित होंगे, जिसमें सभी को अपनी भागदीरी सुनिश्चित करना है। इसके पश्चात एनएसएस से जुड़े पाँच सौ से अधिक स्वयंसेवकों ने स्वच्छता का संकल्प लिया। तदुपरांत शांतिपाठ के माध्यम से कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर विवि के डॉ असीम कुलश्रेष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ अवनेन्दु पाण्डेय, प्रसून कुमार, डॉ इप्सित प्रताप सिंह, प्रखरसिंह पाल, श्री राहुल सतूना एवं एनएसएस के जुड़े विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours