हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार दो दिन पूर्व ओडिशा, बंगाल, आंध्रप्रदेश सहित कई राज्यों में आई चक्रवाती तूफान फानी से पीड़ित परिवारों की सेवा के लिए जुट गया है। अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डॉ.प्रणव पण्ड्या व शैलदीदी ने शांतिकुंज की आपदा प्रबंधन विभाग एवं ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में फैली अपनी टीम को तूफान से पीड़ितों की सेवा-राहत कार्य में जुट जाने का निर्देश जारी किया है। कहा कि निःस्वार्थ भाव से एवं त्वरित राहत एवं बचाव कार्य चलायें। साथ ही राहत सामग्री आदि की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर गायत्री परिवार के कार्यकर्त्ताओं को मुहैया कराने का आवाहन किया है। शांतिकुंज से भी केन्द्रीय टीम भेजने का निर्णय लिया गया है। अपने संदेश में अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या ने कहा कि गायत्री परिवार प्राकृतिक व दैवीय आपदाओं से पीड़ितों की सेवा करने के लिए सदैव तत्पर है। जब कभी इस तरह की आपदाएँ आती हैं, गायत्री परिवार की आपदा प्रबंधन टीम पहले पहुँचकर राहत कार्य चलाती हैं। फानी तूफान से पीड़ित परिवारों के लिए हम राहत कार्य चलायेंगे। हमने अपनी आपदा प्रबंधन टीम को यथाशीघ्र भेजने का निर्णय लिया है। पहले चरण में गायत्री परिवार के स्थानीय लोगों को राहत कार्य में जुटने हेतु कहा है। संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि ओडिशा में आई चक्रवाती तूफान फानी से पीड़ितों के कष्ट की इस घड़ी में हमारी सहानुभूति उनके साथ है। शांतिकुंज स्थित छत्तीसगढ़-ओडिशा जोन प्रभारी के गंगाधर चौधरी व राकेश जायसवाल के नेतृत्व में टीम राहत कार्य जुटी है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours