हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त ब्यूरो) रुड़की। सत्संग भवन में चल रही श्रीराम कथा के पांचवे दिन स्वामी श्री अभिराम दास जी महाराज ने भक्तों को प्रवचन करते हुए कहा कि कलयुग में श्रीराम कथा सुनने का विशेष महत्व है। भगवान् राम का स्मरण करने से भक्तों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं।पश्चिमी अंबर तालाब स्थित सत्संग भवन में कथावाचक स्वामी श्री अभिराम दास जी महाराज ने भगवान राम की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब भी धरती पर पाप बढ़ता है तो भगवान राम का अवतार होता है तथा पापों को नष्ट करने के लिए वे इस धरती पर जन्म लेते हैं।उन्होंने कहा कि भगवान राम ने पाप की लंका का विनाश कर सत्य का प्रकाश जो इस संसार को दिया है वह अनुकरणीय है। हमें भगवान राम के आदर्शों का अनुसरण कर अपने जीवन को सुखमय जीवन बनाना चाहिए। कथा के पांचवे दिन भगवान राम जी का जन्मोत्सव हुआ, जिस पर महाराज जी द्वारा भक्तों को आशीर्वाद दिया गया। नगर के समाजसेवी एवं भाजपा नेता गौरव गोयल के पिता स्वर्गीय वीरेंद्र गोयल की स्मृति में चल रही इस कथा में गौरव गोयल ने भगवान राम को पुरुषोत्तम राम बताते हुए उनका स्मरण कर कहा कि आज हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय गोयल के द्वारा समाज सेवा में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया तथा उनके चित्र पर पुष्प माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पंडित शुभम शास्त्री, पंडित दिवाकर चमोली, हरी कृष्ण बंसल, उमाशंकर, सत्येंद्र सिंह, देशबंधु गुप्ता, ओम प्रकाश, प्रिया गुप्ता, अनुराग कौशिक, नैतिक गुप्ता, सचिन बंसल, सुनील यादव, शालिनी गोयल, मनोज जैन, प्रभा गोयल, अभिषेक मित्तल आदि भक्तगण मौजूद रहे। श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष पर सत्संग भवन में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगणों ने प्रसाद ग्रहण किया।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours