हरिद्वार की गूंज (24*7)

(अविनाश गुप्ता) हरिद्वार। आज जिलाधिकारी जनपद हरिद्वार विनय शंकर पाण्डेय ने हर मिलाप मिशन जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सर्व प्रथम चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा कक्ष पहुंचे। जहां उन्होंने आकस्मिक चिकित्सा के सम्बन्ध में डाॅक्टरों से जानकारी ली। उन्होंने डाॅक्टरों के ड्यूटी कक्ष का जायजा लिया व कक्ष की छत पर सीलन दिखाई देने पर इसे तुरन्त ठीक करने के निर्देश दिये। उन्होंने हृदय रोग वार्ड का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी इसके पश्चात विभिन्न वार्डों में गये, जहां उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात की तथा उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों से पूछा कि खाना ठीक मिलता है, समय पर मिल जाता है, दवाईयां समय पर मिल रही हैं। इस पर भर्ती मरीजों ने कहा हां, उन्होंने वार्डों के बेड में बिछी हुई चादरो व वहां की साफ सफाई आदि व्यवस्था को देखा। उन्होंने कपड़ों की धुलाई व्यवस्था, आक्सीजन प्लांट, एम०आर०आई मशीन के सम्बन्ध में भी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से जानकारी ली। विनय शंकर पाण्डेय ने जिला चिकित्सालय के औषधि भण्डार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टाॅक रजिस्टर का अवलोकन किया व रैबीज इंजेक्शन सहित विभिन्न दवाओं की भण्डार में मौजूदगी की जांच भी की। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण चिकित्सालय की साफ-सफाई की व्यवस्था का गहराई से जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सालय भवन में जगह-जगह छोटे-छोटे पेड़-पौंधे उगने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक न होने पर ही नाराजगी प्रकट की। उन्होंने कहा कि यह रूटीन कार्य हैं, इसमें ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिये कि मैं औचक निरीक्षण कभी भी कर सकता हूं व निरीक्षण के दौरान अगली बार साफ-सफाई आदि की व्यवस्था दुरूस्त मिलनी चाहिये। औचक निरीक्षण के दौरान के०के मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अंशुल सिंह, उप जिलाधिकारी, डाॅ० राजेश गुप्ता मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours