हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों व मृतकों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि पर आज कांग्रेस ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि त्रिवेंद्र सरकार अब हालातों के अनियंत्रित होते देख आत्मसमर्पण की मुद्रा में आ गयी है। आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि जिस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है व अब संक्रमित लोगों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है और राज्य सरकार कोरोना से लड़ने में ठंडापन दिखा रही है उससे स्पष्ट हो रहा है कि सरकार हांफने लगी है और आत्मसमर्पण की मुद्रा में नज़र आ रही है। धस्माना ने कहा कि अब सरकार ने टेस्टिंग का काम ढीला कर दिया है व पूर्व का बैक लाग खत्म होने की जगह बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय की फटकार के बाद भी क्वेरेन्टीन सेंटरों की दशा नहीं सुधर रही। धस्माना ने कहा कि कैंटेंमेंट ज़ोन कम होने की जगह बढ़ रहे हैं और अकेले देहरादून जिले में दो दर्जन कैंटेंमेंट ज़ोन बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज सब्ज़ी मंडियां संक्रमण का सबसे बड़ा अड्डा बन गयी हैं लेकिन टैस्टिंग केवल देहरादून निरंजनपुर सब्ज़ी मंडी में हुई है जबकि राज्य की सभी बड़ी सब्ज़ी मंडियों में टेस्टिंग होनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस की ओर से धस्माना ने राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को सुझाव दिया कि वे शीघ्र राज्य की सभी राजनैतिक पार्टियों की बैठक बुला कर सबके सुझाव ले कर एक कोरोना आपदा प्रबंधन के लिए टास्क फोर्स गठित करें और आने वाले दिनों में कैसे इस महामारी से बचने व इसे खत्म करने के लिए एक दीर्घकालीन योजना तैयार करें। धस्माना ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सरकार को सहयोग देने के लिए तैयार है किंतु सरकार खुद ही उदासीन बनी हुई है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours