हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। श्रमदान में सत्संकल्पों की ऊर्जा भर जाए, तो वह महाश्रमदान बन जाता है। महाश्रमदान के ऐसे ही स्वरूप की मनोरम झांकी कुंभनगरी हरिद्वार का हृदय स्थल माने जाने वाले हरकी पैड़ी से लेकर ललताराव पुल के बीच देखने को मिली। हाथ में खुरपी, तगाड़ी, झाडू लिए हजारों पीतवस्त्रधारी लोकसेवी गंगा मैय्या की गोद में बिखरे हुए थे, जो निर्मल गंगा अभियान के संदेश को विश्व भर में फैलाने के लिए कृतसंकल्प थे। हरकी पैड़ी से लेकर ललताराव पुल तक को सात सेक्टर में बाँटकर गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के अनुभवी कार्यकर्त्ताओं के नेतृत्व में करीब बारह सौ से अधिक स्वयंसेवकों ने अनुशासित होकर अपने-अपने कार्यक्षेत्र में खूब पसीना बहाया। दो वर्ष की नन्हीं बालिका से लेकर 90 वर्ष तक के युवा मन वाले उत्साही लोग गंगा स्वच्छता अभियान में जुटे रहे। इन लोगों ने मानव शृंखला बनाकर गंगा मैय्या की गोद से कई टन कूड़ा-कचरा निकाल कर तटों पर इकट्ठा किया, जिसे शांतिकुंज व जिला प्रशासन के सौजन्य से आये ट्रेक्टर ट्रालियों में भरकर निर्धारित स्थानों पर पहुँचाया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री दीपेन्द्र चौधरी ने कहा कि जब-जब शांतिकुंज से सामाजिक कार्यों हेतु सहयोग माँगा है, तब-तब वे आगे बढ़कर सहयोग किया है। मुझे खुशी है कि शांतिकुंज के स्वयंसेवकों ने आज सफाई अभियान में भाग लेकर हरकी पौड़ी से लेकर ललताराव पुल तक के गंगा घाटों व गंगाजी से कूड़ा-कचरा निकाला। स्वयंसेवकों की लगन, तन्मयता व कार्यशैली से प्रभावित जिलाधिकारी श्री चौधरी ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि शांतिकुंज के साधकों से सफाई कैसे की जाती है, इसे सीखो, शांतिकुंज दल के नेतृत्व कर रहे श्री हरिमोहन गुप्त ने बताया कि गायत्री परिवार शांतिकुंज द्वारा निर्मल गंगा जन अभियान के अंतर्गत भारत की नदियों में स्वच्छता अभियान अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या जी के नेतृत्व में चल रहा है। आज जिलाधिकारी श्री चौधरी के आवाहन पर हरिद्वार के हृदय स्थल माने जाने वाले हरकी पौड़ी में वृहत स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें शांतिकुंज व देसंविवि परिवार के बारह सौ से अधिक लोगों ने जमकर पसीना बहाया। सफाई अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट श्री जगदीश लाल, नगर निगम के उप आयुक्त श्री नेगी, शांतिकुंज के श्री रामसहाय शुक्ल, श्री विष्णु मित्तल, श्री कामता प्रसाद साहू, श्री जयसिंह यादव, श्री अजय त्रिपाठी, संतोष सिंह आदि के अलावा देसंविवि के एनसीसी से जुड़े युवा, भारत स्काउट गाइड जनपद शांतिकुंज के विद्यार्थी सहित विभिन्न राज्यों से गायत्री तीर्थ आये विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों के प्रशिक्षणार्थी शामिल रहे।




Post A Comment:
0 comments so far,add yours