हरिद्वार की गूंज (24*7)
(निशात कुरैशी) देवबंद। ऐड्स जैसी घातक बीमारी से लोगों को जागरुक करने के लिए मेरठ से शिमला तक साईकिल यात्रा पर निकले मेरठ के वरिष्ठ चिकित्सक प्रो.डा. अनिल नौसरान एमडी का देवबंद आगमन पर नगर के जागरुक लोगों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपनी व परिवार की सहत के प्रति बेहद सचेत रहने का आहवान किया। ‘शादी से पहले मेडिकल कुंडली बनवाएं, लडक़े लडक़ी का एचआईवी टेस्ट कराएं’ नारा देकर लोगों को इस घातक बीमारी से जागरुक करने के लिए छठी बार साईकिल यात्रा पर निकले डा. नौसरान का उनका जीटी रोड स्थित इंफिनिटी इंस्टिट्यूट में एलआईयू इंस्पेक्टर अरविंद कुमार चेहल के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐड्स ऐसी घातक बीमारी है जिसका ईलाज मात्र जागरुकता ही है। कहा कि जिस तरह हमारे देश में शादी से पहले लडक़ा लडक़ी की कुंडली मिलाई जाती है ठीक इसी तरह लडक़े लडक़ी की मेडिकल कुंडली मिलाना भी बेहद आवश्यक है। कहा कि एचआईवी पोजीटिव व्यक्ति के सम्पर्क में आकर पूरे परिवार का जीवन बर्बाद हो जाता है। अपने आपको व अपने परिवार को इस घातक बीमारी से बचाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। डा. नौसरान ने साईकिल चलाने के फायदे गिनवाते हुए सभी लोगों से साईकिलिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने का आहवान किया। समाजसेवी चौधरी ओमपाल सिंह, सभासद प्रतिनिधि सैयद हारिस व वरिष्ठ पत्रकार आबाद अली शेख ने डा. नौसरान का इल्म की नगरी देवबंद में स्वागत करते हुए उनके इस जागरुकता अभियान को ऐड्स से बचाओ के लिए मील का पत्थर बताया। इस अवसर पर प्रेस एसोसिएशन देवबंद के अध्यक्ष मनोज सिंघल, धीरज चौधरी, मास्टर राजकुमार, मास्टर हनीफ, सभासद शराफत मलिक समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इन शहरों की कर चुके हैं साईकिल यात्रा
ऐड्स के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए मेरठ से शिमला तक साईकिल यात्रा पर निकले प्रो. डा. अनिल नौसरान इससे पूर्व साईकिल से ही मेरठ से जयपुर, मेरठ से मसूरी, मेरठ से बरेली, मेरठ से इलाहाबाद व मेरठ से लखनऊ तक की यात्रा कर चुके हैं। डा. नौसरान ने बताया कि ऐड्स के खिलाफ उनका यह अभियान लगातार जारी रहेगा और लोगों को जागरुक करने के लिए वह अलग अलग शहरों में जाते रहेंगे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours