(रजत चौहान) हरिद्वार। ओडिशा में आई चक्रवाती तूफान से पीड़ितों की सेवा के लिए एक ट्रक राहत सामग्री लेकर हरिद्वार के प्रसिद्ध सामाजिक संस्थान शांतिकुंज से आज रवाना हुआ। राहत सामग्री से भरे ट्रक को शांतिकुंज के वरिष्ठ कार्यकर्त्ता व व्यवस्थापक श्री शिवप्रसाद मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर राहत दल के सुखदेव निर्मलकर, विश्राम साहू, वेदप्रकाश यादव सहित सभी सदस्य मौजूद रहे। इससे पूर्व शांतिकुंज आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वयक श्री राकेश जायसवाल आज से चार दिन पहले ही पुरी पहुँच गये। उन्होंने पुरी, सातपाड़ा, ब्रह्मगिरी, कृष्णप्रसाद आदि क्षेत्रों की स्थिति का अवलोकन किया एवं चक्रवाती तूफान ‘फोनी’ के पीड़ितों हेतु आवश्यक सामग्री के विषय में चर्चा की। पश्चात अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं शैलदीदी ने राहत सामग्री लेकर एक दल पुनः भेजने का निर्णय लिया। दल के साथ चावल, आटा, तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री भेजा गया। इस अवसर पर डॉ. पण्ड्या ने कहा कि पारिवारिक भावनाओं के साथ पीड़ितों की सेवा में सदा तत्पर रहने वाले शांतिकुंज से जुड़े कार्यकर्त्ता ओडिशा के पुरी व आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पहुँचकर सेवा कार्य में जुटे हैं। साथ ही राहत कार्यों के अंतर्गत गायत्री परिवार द्वारा बनाया गया बेस कैम्प पुरी (ओडिशा) में पीड़ितों को लाकर उनके आवास, भोजन, स्वास्थ्य परीक्षण आदि की व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर निःशुल्क भोजनालय भी चलाया जा रहा है। संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी ने कहा कि ओडिशा में आई इस विपत्ति की वेला में पारिवारिक भावनाओं के साथ हम सबको पीड़ित मानवों की सेवा में जुट चाहिए। पीड़ित मानवता के आँसू पोंछना ईश्वर सेवा के समान है, उल्लेखनीय है कि विभिन्न क्षेत्रों में फँसे लोगों तक भोजन व जीवन रक्षक सामग्री पहुँचाने के लिए गायत्री परिवार पिछले एक सप्ताह से अहर्निश सेवाएँ प्रदान कर रहा है। शांतिकुंज के राकेश जायसवाल, प्रदीप साहू, शेषदेव बढ़ई आदि के नेतृत्व में प्रशिक्षित टीम सेवा कार्य में जुटी है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)



Post A Comment:
0 comments so far,add yours