हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के तत्त्वावधान में नेपाल के वीरगंज में 3 से 6 मार्च की तिथियों में गायत्री अश्वमेध महायज्ञ का आयोजन हो रहा है। इसके संचालन के लिए बुधवार को यज्ञाचार्यों की बीस सदस्यीय टीम आज रवाना हुई। यज्ञाचार्यों को गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं शैलदीदी ने मंगल तिलक किया। साथ अश्वमेध महायज्ञ की रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या ने कहा कि भारत का नेपाल के साथ सांस्कृतिक संबंध है एवं कई समानताएँ हैं। उन्होंने कहा कि अश्वमेध गायत्री महायज्ञ के इस प्रयोग से नेपाल में सांस्कृतिक एवं नैतिक उत्थान का नया द्वार खुलेगा। शैलदीदी ने कहा कि पूज्य आचार्यश्री नेपाल को भारत का छोटा भाई की तरह मानते रहे हैं। यही कारण है कि गायत्री परिवार अपने विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम नेपाल में भी संचालित कर रहा है। इसी शृंखला में सांस्कृतिक नवोन्मेष के लिए २५१ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ आयोजित हो रहा है। जिसमें नेपाल के सभी जिलों एवं भारत सहित विभिन्न देशों के श्रद्धालु भाग लेंगे। यज्ञायोजन के दौरान विभिन्न संस्कार भी वैदिक पद्धति के अनुसार निःशुल्क सम्पन्न कराये जायेंगे। यज्ञाचार्यों की टीम में श्यामबिहारी दुबे, डॉ. गायत्री किशोर त्रिवेदी, उदय किशोर मिश्रा, ओंकार पाटीदार आदि सहित 20 सदस्य शामिल हैं। मीडिया विभाग  के अनुसार अश्वमेध महायज्ञ गायत्री परिवार प्रमुखद्वय की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न होगा।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours