(रजत चौहान) हरिद्वार। अपर जिलाधिकारी प्रशासन हरिद्वार ने 02 अक्टूबर 2018 को गांधी जयन्ती समारोह पूर्वक मनाये जाने के सम्बन्ध में विभिन्न विभागों को दिशा निर्देश दिये हैं। 02 अक्टूबर को पन्ना लाल भल्ला इंटर काॅलेज से हरकी पैड़ी तक प्रभात फेरी में जिला शिक्षा अधिकारी स्कूली छात्र/छात्राओं को प्रतिभाग कराना सुनिश्चित करेंगे। समस्त राजकीय भवनों पर प्रातः 8ः00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। तत्पश्चात् समस्त कार्यालयों/विद्यालयों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र का अनावरण व माल्यार्पण किया जाएगा। महिलाओं के उन्नति के लिए गांधी जी द्वारा किये गये कार्याें, देश-सेवा तथा जीवन मूल्यों पर प्रकाश ड़ाला जाएगा।
प्रातः 9ः00 बजे से 10ः00 बजे तक हर की पैड़ी से पुल जटवाड़ा तक विद्यालयों द्वारा संचालित एन0सी0सी0 आदि यूनिटों द्वारा मुख्य मार्गों पर श्रमदान किया जाएगा, जिसमें रेडक्रास स्वयं सेवियों तथा सम्भ्रान्त नागरिकों का भी सहयोग लिया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से जिला अस्पताल में गरीब एव बीमार व्यक्तियों को तथा चण्डी पुल के नीचे रह रहे कुष्ठ रोगियों को फल, औषधियां एवं मिष्ठान वितरण किया जाएगा। गांधी जयंती के अवसर पर सिडकुल स्थित औद्योगिक इकाईयों के सौजन्य से रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा शिविर में अधिकारियों द्वारा रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए रक्तदान करने हेतु सचिव रेडक्रास हरिद्वार को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। समस्त अधिशासी अधिकारी, नगर निगम/नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत/जिला पंचायत द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्रीय महापुरूषों की जनपद के विभिन्न स्थानों में स्थापित मूर्तियों एवं शहीद स्तम्भों व उसके आस-पास सफाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही मलिन बस्तियों में सफाई व्यवस्था, चूना छिड़काव आदि सुनिश्चित करें। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जनपद में साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से साक्षरता को बढावा देने के सम्बन्ध में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। जिला खादी एवं गा्रमोद्योग अधिकारी द्वारा राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जन-साधारण को व्यापक जानकारी देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे तथा गांधी आश्रम के संचालकों द्वारा खादी के कपड़ों एवं खादी बोर्ड द्वारा निर्मित अन्य सामग्रियों एवं उन पर दी जाने वाली छूट का व्यापक प्रचार-प्रसार कर स्टाॅल लगायेंगे।
सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। वृक्षारोपण में अधिक ऊंचाई वाले, अत्यधिक छायादार, लम्बी उम्र रखने वाले वृक्षों को सार्वजनिक सड़को/उद्यानों/विद्यालय प्रांगण/शासकीय कार्यालय प्रांगण आदि में रोपित किये जाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। जिला पूर्ति अधिकारी/जिला समाज कल्याण अधिकारी को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों/परिवारों को पेंशन चैक वितरण/बीपीएल परिवारों को राशन कार्ड का वितरण एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित अन्य योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों को चैक आदि दिये जाने का प्रयास करने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागृत करने तथा महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को रोकने के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours