हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अमित रतूडी) ऋषिकेश। मुनिकीरेती थाना तपोवन क्षेत्र में एक पालतू डॉग की जबरन नसबंदी कराना महिला को मुसीबत में डाल गया। शिकायत पर पुलिस ने एक संस्था की संचालिका पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार तपोवन निवासी प्रदीप पुत्र सुरेंद्र पुंडीर ने दी तहरीर में बताया कि उनकी 2 साल की मौली नाम की फीमेल डॉग है, जो उनके परिवार का एक हिस्सा है। आरोप लगाया कि शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली एक संस्था की महिला घर के बाहर टहल रहे उनके पालतू जानवर को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गई। जिसे ले जाते समय पड़ोसियों ने भी देखा। देर शाम तक वह वापस नहीं लौटी, आरोप है कि संस्था संचालिका से फीमेल डॉग वापस लौटाने को कहा, तो वह आनाकानी करने लगी। यही नहीं उनके साथ गाली गलौज भी की, मालिक ने आरोप लगाया कि महिला ने जबरन उनके डॉग की नसबंदी भी करवा दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अदिति निवासी हरियाणा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना निरीक्षक आर०के सकलानी ने बताया कि आरोपित महिला तपोवन क्षेत्र में कर्मा एनिमल ट्रस्ट का संचालन कर रही है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मौली को स्ट्रीट डॉग समझ कर उसकी नसबंदी कराई। इस संबंध में राजकीय पशु चिकित्सक हरि सिंह बिस्ट ने उक्त महिला के कहने पर नसबंदी की बात स्वीकार की है, मामले की तहकीकात की जा रही है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours