हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख व देवसंस्कृति विवि के कुलाधिपति डॉ. प्रणव पण्ड्या का 70वाँ जन्मदिन सादगी के साथ मनाया गया। संस्था की अधिष्ठात्री शैल दीदी सहित शांतिकुंज  के अंतेवासी, देसंविवि, गायत्री विद्यापीठ परिवार एवं विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में गायत्री तीर्थ  आये साधकों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की। विद्यापीठ के नन्हें-मुन्ने बच्चों सहित विवि के युवाओं ने भी गुलदस्ता भेंटकर आशीष लिया। एमडी (मेडीसिन) में स्वर्ण पदक प्राप्त युवा उत्प्रेरक डॉ. पण्ड्या ने प्रारंभ के 25 वर्ष अपने शिक्षण कार्य में बिताने के बाद शेष जीवन अपने गुरु को सौंप दिया। उन्होंने कठपुतली की भाँति अपने आपको गुरु-आराध्यदेव के निर्देशों के पालन में लगा दिया। देश-विदेश में युवाओं का मार्गदर्शन, भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार, देसंविवि के संचालन, साहित्य लेखन-संपादन, विज्ञान और अध्यात्म का समन्वय में शोध कार्य जैसे अनेक विशिष्ट कार्यों में उन्होंने अपना जीवन होम दिया है। सादा जीवन उच्च विचार को अपने व्यावहारिक जीवन में उतारने वाले डॉ. पण्ड्या का जीवन राष्ट्र व भारतीय संस्कृति के लिए समर्पित है। उधर देवसंस्कृति विवि के मृत्युजंय सभागार में आयोजित चेतना दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायी लघु फिल्म दिखाई गयी। पश्चात विवि परिवार ने जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं। कुलाधिपति ने जीवन में सफलता प्राप्त करने एवं सुसंस्कृत व विकसित समाज हेतु विद्यार्थियों को समय प्रबंधन के साथ एक-एक पौधा रोपने सलाह दी। इस दौरान कुलपति श्री शरद पारधी, कुलसचिव श्री बलदाऊ देवांगन सहित विवि परिवार उपस्थित रहे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours