हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद ब्यूरो) लक्सर। रुड़की जगदगरु शंकराचार्य श्री राजराजेश्वराश्रम महाराज जी ने कहा कि ज्योतिषी को ज्योतिष का ज्योतिष होना चाहिये न कि किसी पार्टी का।उन्होंने चुनावी वर्ष 2019 के बारे में कहा कि आगामी वर्ष अनेक प्रकार की आपदाओं को लाने वाला है। साकेत स्थित अग्रवाल पार्क में आयोजित ज्योतिष सम्मेलन में मुख्यअतिथि के रूप में बोलते हुए उन्होंने कहा कि हम ज्योतिष किसी के नहीं बल्कि सब हमारे हैं।यह कोई खेल नहीं न गणित है, बल्कि यह तपोबल का परिणाम है। जो साधना से प्राप्त होता है। कार्यक्रम संयोजक आचार्य पंडित रमेश सेमवाल द्वारा आयोजित 36वें ज्योतिष सम्मेलन में देश के विभिन्न स्थानों से आये वक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर अपनी राय रखी। कुल मिलाकर ज्योतिष सम्मेलन देश की स्थिति, आगामी वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राहुल गांधी और सहयोगी राजनीतिक दलों की स्थिति बताने में व्यस्त रहा। मंदिर मुद्दे पर बोलते हुए राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि हम किसी मठ, मस्जिद को नहीं तोडते, जिन विधर्मियों ने दूध पीकर जहर उगला हम उनके डंक भी तोडना जानते है। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पुनः दोहराया कि आने वाला संवत्सर अत्यंत घातक है, लेकिन उसके बाद देश लगातार पांच वर्ष प्रगति करेगा। इससे पूर्व ज्योतिष ब्रजेश मिश्र ने अपने सम्बोधन में फलित ज्योतिष के माध्यम से बताया कि यदि मार्च अप्रैल में चुनाव हुए तो देश का माहौल अति रक्तरंजित होगा, लेकिन यदि 29 अप्रैल के बाद परिणाम आता है तो कोई विचलन नहीं होगा। यानि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोबारा गद्दी संभालेंगे और वह भी संकट का सार्थक हल देकर। ज्योतिषाचार्य एसएस रावत ने ग्रहों की चाल को देखकर निष्कर्ष दिया कि अगले चुनाव में सरकार को भाजपा की ही बनेगी लेकिन नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि ग्रहदशा के कारण ही नरेन्द्र मोदी वो नहीं कर पाये जो वह करना चाहते थे। आप सोच सकते हैं कि ऐसा देशभक्त नेता रामलला के दर्शन ही करने न जा पाये।बृहस्पति को धन का कारक बताते हुए उन्होंने कहा कि कन्या के बाद जब तुला राशि में आया तो ग्लोबल मार्किट धडाम हुआ। अब वृश्चिक में आया है तो अगला वर्ष आर्थिक मामलों में अधिक शुभ होगा। ज्योतिषाचार्य कुमार गणेश ने अपना आंकलन बताया कि राहुल गांधी न तो आगामी चुनाव में और न जीवन भर प्रधानमंत्री बन पायेंगे। राहुल से भारी प्रभाव राशि अशोक गहलौत की है। उन्होंने कहा कि मायावती भी इस चुनाव में किंग मेकर नही बन पायेंगी और ममता बनर्जी को तसल्ली लायक सीटें भी नही मिल पायेंगी। यदि मतगणना 5 अप्रैल से पूर्व होती है तो भाजपा को नुकसान उठाना पडेगा और यदि अमित शाह पार्टी अध्यक्ष बने रहते हैं तो गठबंधन सरकार बनेगी। उन्होंने आंकडे देकर बताया कि नवीन पटनायक, नायडू या नितीश कुमार पीएम नही बनेंगे। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि 2019 में जो भी पीएम बनेगा। वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पायेगा। 2021-22 में देश को नया प्रधानमंत्री मिलेगा। ज्योतिष सम्मेलन में हनुमान मिश्रा, दिनेश शर्मा, पंडित मंगा दत्त शास्त्री, पंडित संदीप वशिष्ठ पंडित केवल जैन, वशिष्ठ डॉक्टर शिव कुमार भट्ट, पंडित चंद्रमोहन, वशिष्ठ पंडित राजेश द्विवेदी आचार्य पुरुषोत्तम तथा पंडित अनिल भट्ट आदि ने भी ज्योतिष विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला इस अवसर पर सम्मेलन में आए सभी ज्योतिषाचार्य अतिथियों का आचार्य पंडित रमेश सेमवाल द्वारा स्मृति पत्र एवं पटका बैठकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर श्यामवीर सैनी, नितिन शर्मा, विकास शर्मा, गौरव गोयल, चित्रा गोयल, नरेंद्र भारद्वाज, सुनील गोयल, लोकेश शास्त्री, कुसुम अग्रवाल, पूनम सिंह, रमेश भटेजा, अशोक आर्य, प्रदीप त्यागी, संजय अरोड़ा, विवेक कंबोज, मोहित वशिष्ठ, राखी शर्मा, राधा भटनागर, सुलक्षणा सेमवाल, हेमलता चौधरी, रामकुमार गुप्ता, अनिल गोयल, विवेक गौतम, रामकुमार शर्मा, अनिल अग्रवाल, अशोक वर्मा, डॉक्टर टेक बल्लभ, मदन रावत, विनोद द्विवेदी, सुरेश खर्कवाल, अंजुम गौर आदि बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours