हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर तहसील में उचित दर विक्रेताओं द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के अंतर्गत जारी सफेद राशन कार्डों एवं गुलाबी राशन कार्डों पर 5 किलोग्राम चावल प्रति यूनिट नि:शुल्क वितरित किया जा रहा है। उक्त कार्य में अधिक पारदर्शिता हेतु उप जिलाधिकारी पूरण सिंह राणा के निर्देश पर संबंधित लेखपाल एवं संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की तैनाती भी की गई है। उचित दर विक्रेताओं द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खाद्यान्न वितरण का कार्य किया जा रहा है। खाद्य पूर्ति निरीक्षक बिंदु नेगी ने बताया कि लॉक डाउन के चलते पहले भी उपभोक्ताओं को 3 माह का राशन दिया जा चुका है और प्रधानमंत्री के द्वारा सफेद और गुलाबी कार्ड उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 5 किलो चावल आज लक्सर तहसील के राशन डीलर द्वारा वितरित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोई भी भूखा ना सोए इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बिंदु नेगी ने कहा कि हमारा हर संभव प्रयास है कि सभी लोगों तक यह सरकारी राशन पहुंचे जिससे लॉक डाउन के चलते किसी को भी किसी तरह की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अगर कोई राशन डीलर गड़बड़ी करता पाया जाता है तो सीधी उसकी शिकायत उपभोक्ता उनसे करें। जिससे समय रहते ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि जिन लोगों के अभी तक राशन कार्ड नहीं बने हैं या ऑनलाइन नहीं हुए हैं उन सभी को भी सरकार के द्वारा राशन दिया जा रहा है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours