हरिद्वार की गूंज (24*7)
(आश्कार अली) भगवानपुर। ब्लॉक भगवानपुर क्षेत्र के करौंदी गांव में आरा मशीन में चौकीदार का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई मृतक के परिजनों ने चौकीदार की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। खेलपुर निवासी 55 वर्षीय बलबीर सिंह पुत्र चौहल सिंह करौंदी गांव के पास आरा मशीन में पांच साल से चौकीदार का काम कर रहा था। शनिवार सुबह आरा मशीन प्रांगण में उसका अधजला शव पड़ा मिला। रात को वह अकेला ही वहां रहता था। सुबह मजदूरों के वहां काम पर पहुंचने पर इसकी जानकारी मिली। मजदूर ने परिजनों और आरा मशीन संचालक को जानकारी दी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भर पीएम के लिए भेज दिया। मंगलौर सीओ धीरेंद्र सिंह रावत भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चौकीदार की  मौत के कारणों का पता चल पायेगा।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours