हरिद्वार की गूंज
(रजत चौहान) देहरादून। केंद्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह जी की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में कुल 22 मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें से 17 मुद्दे हल कर लिए गए हैं। तीन पर निर्देश जारी कर दिये गए हैं। बाकी दो मुद्दे अगली बैठक में हल कर लिए जाएंगे। बैठक में जिन मुद्दों पर मुख्य रूप से चर्चा हुई उसमें सड़क, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, वामपंथी उग्रवाद से निपटने के तौर तरीके, पुलिस बलों का आधुनिकीकरण, मनरेगा, अनाज भंडारण, न्यूनतम समर्थन मूल्य और अन्य मुद्दे शामिल हैं।  केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा है कि केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाकर जनता से जुड़े अहम मुद्दों को हल करने की दिशा में क्षेत्रीय परिषदों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि परिषद की बैठक सहकारी संघवाद की वास्तविक भावना को बताती है। सीएम ने बैठक में अनुरोध किया कि मुज़फ्फरनगर-हरिद्वार और हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाय। एयरफोर्स के हिंडन एयरबेस से पिथौरागढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू करने के साथ देहरादून-पंतनगर नियमित व्यावसायिक हवाई सेवा शुरू करने का अनुरोध भी किया। सीएम ने बैठक में उत्तराखण्ड राज्य पुलिस बल के आधुनिकीकरण और पुलिस के आवास के लिए धनराशि उपलब्ध कराये जाने का अनुरोध भी किया। सीएम श्री त्रिवेंद्र कहा कि क्षतिपूरक वनीकरण के लिए राज्य सरकार और निगमों को भारत सरकार के उपक्रमों की भांति डिग्रेडेड फारेस्ट के लिए भी अनुमति दी जाय। सीएम श्री त्रिवेंद्र ने भागीरथी इको सेंसिटिव जोन के संबंध में अवगत कराते हुए इसके नोटिफिकेशन में तब्दीली किए जाने की आवश्यकता बताई।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours