हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर में उस समय कोहराम मच गया, जब रेलवे से रिटायर महिला की पार्टी में डीजे पर नाच रहे दो युवकों ने तमंचे से ताबड़तोड फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक युवक व एक किशोर को गोली लग गई। किशोर लक्सर के अस्पताल में भर्ती है जबकि युवक की गंभीर हालत को देखते हुए जौलीग्रांट रेफर किया गया है। फायरिंग करने वाले एक युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। बहादरपुर निवासी समय सिंह रेल विभाग में कर्मचारी थे काफी पहले उनकी मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद उनकी पत्नी सुदेशना को रेल विभाग ने मृतक आश्रित के तौर पर नौकरी दी थी। आपको बता दे कि शनिवार को रेलकर्मी सुदेशना सेवानिवृत्त हुई थी। इस मौके पर लक्सर में रेलवे कॉलोनी स्थित उनके आवास पर काफी बड़ी पार्टी का आयोजन किया गया। जिसमें सुदेशना के परिवार के लोगों के अलावा काफी जगह से उनके रिश्तेदार भी आए हुए थे। पार्टी में डीजे पर नाच गाना चल रहा था। बताया गया है कि इसी दौरान नशे में धुत दो अज्ञात युवक भी वहां पहुंचकर डीजे पर नाचने लगे, थोड़ी देर बाद युवकों ने अंटी में से तमंचे निकालकर पार्टी में हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। नशे में होने के कारण उनकी चलाई गोली पार्टी में बतौर मेहमान आए युवक पंकज उम्र 25 पुत्र इंद्राज निवासी टांडा महरौली और हिमांशु उम्र 11वर्ष पुत्र धीर सिंह निवासी नगला इमरती को जा लगी। फायरिंग शुरु होते ही पार्टी में हड़कंप मच गया। इसके बाद गोली चलाने वाले युवक वहां से भागने लगे। पार्टी में मौजूद कुछ लोग तो दोनों घायलों को उठाकर लक्सर के अस्पताल ले गए। जबकि बाकी लोग गोली चलाने वाले युवकों के पीछे दौड़ पड़े। इस दौरान एक युवक तो फरार हो गया। जबकि दूसरे युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उधर अस्पताल में पंकज की हालत को गंभीर बताते हुए डॉक्टरों ने उसे जौलीग्रांट रेफर कर दिया है। जबकि हिमांशु को लक्सर में ही भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वही कोतवाल विरेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि पीड़ित पक्ष अभी तहरीर दे रहा है इस पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours