हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। शांतिकुंज में आयोजित तृतीय राज्य स्तरीय अंतर विद्यालयी बैण्ड प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में गायत्री विद्यापीठ शांतिकुंज की बैंड टीम अव्वल रही। रा.उ.प्रा.विद्यालय कोंडीडाँग, पौड़ी को द्वितीय तथा रा.आ. प्राथमिक विद्यालय ट्रांसिट कैम्प रुद्रपुर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। तो वहीं बालक वर्ग में सैनिक स्कूल नैनीताल को पहला, गायत्री विद्यापीठ, शांतिकुंज, हरिद्वार को दूसरा तथा मॉडल स्कूल, मनासू-टिहरी गढ़वाल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इस प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में दस तथा बालक वर्ग में 11 टीम की भागीदारी रही। प्रत्येक टीम को प्रदर्शन के लिए सात मिनट का समय दिया गया था। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति, शास्त्रीय एवं लोक गीतों पर आधारित धुन ही बजाये। बालक व बालिका वर्ग की विजयी दोनों टीम दिसंबर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखण्ड राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। इससे पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षाधिकारी हरिद्वार डॉ आनंद भारद्वाज ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ विद्यार्थियों के विकास के लिए खेलकूद व अन्य कार्यक्रम भी आयोजित करना चाहिए। इसी कड़ी में शांतिकुंज में आयोजित इस बैण्ड प्रतियोगिता में बच्चों ने जो उत्साह दिखाया है, बधाई के पात्र हैं। शांतिकुंंज ने जिस तरह से अपने यहाँ विद्यार्थियों के विकास के लिए विभिन्न रचनात्मक व खेलकूद कार्यक्रम चलाते हैं, इसे अन्य विद्यालयों को भी अपनाना चाहिए। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि अपने पाठ्यक्रम के अलावा जीवनोपयोगी साहित्य का भी अध्ययन करना चाहिए, जिससे मानसिक स्तर को सुदृढ़ किया जा सके। इस प्रतियोगिता में देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर आदि टीमों ने अपने प्रदर्शन से खूब तालियाँ बटोरी, तो वहीं गढ़वाल के विद्यार्थियों ने गढ़वाली धुनों पर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कुमाऊँ मण्डल से आई टीम ने कुमांउनी धुन के साथ वाहवाही लुटी। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में 40 वाहिनी पीएसी के श्री योगेन्द्र मोहन, श्री राकेश जखमोला एवं सीआईएसएफ के श्री वीरेन्द्र पाल रहे। इस अवसर पर श्री सीताराम सिन्हा, खेल अधिकारी श्री नरेन्द्र सिंह, अत्रेश सयाना, पीएस चौहान, दीपक घिल्डियाल के अलावा उत्तराखण्ड के सभी जनपदों से आये विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं शांतिकुंज, हरिद्वार, भोपतवाला आदि स्थानों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours